ग्रेनो वेस्ट में आज योगी आदित्यनाथ, अस्पताल का करेंगे उद्घाटन; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
ग्रेटर नोएडा।ग्रेनो वेस्ट में आज उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ एक निजी अस्पताल का उद्घाटन करने के लिए पहुंचेंगे। सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम के चलते यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री दोपहर बाद करीब 4 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और लगभग 40 से 60 मिनट तक वहां रुकेंगे। वह हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल के पास हेलिपैड बनाया गया है। जहां मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरेगा। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कार्यक्रम सेक्टर-10 क्षेत्र में आयोजित किया जाना है। जिसमें विशिष्ट महानुभावों के आगमन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत कार्यक्रम के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया जा सकता है या ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। डायवर्जन के दौरान आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के साथ सुरक्षित रूप से निकाला जाएगा। लोग अनावश्यक रूप से इन मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। साथ ही यदि किसी प्रकार की यातायात समस्या उत्पन्न होती है तो वाहन चालक यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।
इन जगह पर रहेगा ट्रैफिक डाइवर्जन
यातायात पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान 130 मीटर रोड और उससे जुड़े प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिन स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है। उनमें तिलपता गोलचक्कर, स्वर्गीय राजेश पायलट गोलचक्कर, गलैक्सी गोलचक्कर, एकमूर्ति गोलचक्कर, इटहेड़ा गोलचक्कर, किसान चौक, पर्थला गोलचक्कर, सेक्टर-71, सेक्टर-60, सेक्टर-62 तथा औद्योगिक क्षेत्र बादलपुर स्थित पुलिस चौकी के आसपास के मार्ग शामिल हैं। इन स्थानों पर वीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ समय के लिए यातायात रोका जा सकता है।
पार्किंग के लिए रहेगी अलग व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सामान्य आगंतुकों के वाहनों की पार्किंग सेक्टर-10 ग्रेटर नोएडा वेस्ट में केडीएसजी अस्पताल के सामने स्थित खाली मैदान में कराई जाएगी। वहीं पुलिस और अन्य विभागों के वाहनों को वैदपुरा स्थित ओक्टोव स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। इसके अलावा केडीएसजी अस्पताल के कर्मचारियों और सामान्य आगंतुकों के लिए रिनॉक्स ग्रुप की निर्माणाधीन सोसायटी के सामने खाली प्लॉट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यदि इन स्थानों पर पार्किंग भर जाती है तो वैकल्पिक पार्किंग के रूप में पीज इन पॉड स्कूल के बराबर स्थित खाली स्थान, कोको काउंटी सोसायटी और सिक्का सोसायटी के पास के खाली क्षेत्रों में भी वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा।

महिला आरक्षण पर सियासी संग्राम: Indian National Congress का पीएम पर हमला, सर्वदलीय बैठक की मांग
Saurabh Bharadwaj का बयान—“राज्यसभा सांसद बने इसलिए हुई शादी”, Raghav Chadha पर निशाना
अमेरिका-ईरान तनाव का असर: 60% तक बढ़ी तारकोल की कीमत, सड़क निर्माण प्रभावित
आम आदमी पार्टी ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी